बिहार राज्य महिला आयोग ने गयाजी में 235 मामलों का किया त्वरित निपटारा

0
IMG-20260130-WA0000.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 जनवरी 2026,

गयाजी; बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य श्यामा सिंह, पिंकी कुमारी एवं साधना देवी ने स्थानीय जिला अतिथि गृह में संयुक्त प्रेस वार्ता कर कहा कि पहले की अपेक्षा महिलाएं अब अधिक जागरूक हुई हैं और अत्याचार व जुल्म के विरुद्ध निडर होकर आवाज उठा रही हैं। महिला आयोग महिलाओं और बेटियों के अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए लगातार सक्रिय है। प्रेस वार्ता के दौरान वन स्टॉप सेंटर की सेंटर प्रशासक आरती कुमारी ने महिला आयोग की सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

नीट छात्रा मौत मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया

आयोग की सदस्य पिंकी कुमारी ने पटना में नीट छात्रा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे जघन्य अपराध बताया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। महिला आयोग ने इस हृदय विदारक घटना की कड़ी निंदा की।

सरकार नारी सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध

पिंकी कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नारी और बेटियों की सुरक्षा को लेकर संकल्पित हैं। महिलाओं के उत्थान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ महिलाओं को मिल रहा है।

वन स्टॉप सेंटर की भूमिका अहम

उन्होंने बताया कि जिले में महिला उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में वन स्टॉप सेंटर संचालित है। यहां महिलाएं घरेलू हिंसा समेत अन्य मामलों की शिकायत कर सकती हैं तथा पति-पत्नी के विवादों का भी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाता है।

महिला सशक्तिकरण से मजबूत होगा समाज

आयोग की सदस्य श्यामा सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण से ही समाज मजबूत, सशक्त और खुशहाल बन सकता है। सरकार की ओर से नारी सशक्तिकरण के लिए कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं और महिला आयोग महिलाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

235 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा

उन्होंने जानकारी दी कि “महिला आयोग आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत कुल 270 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 235 मामलों का त्वरित रूप से ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया। शेष 35 मामलों की सुनवाई सुरक्षित रखी गई है।

छात्रावास व बालिका विद्यालयों का निरीक्षण

प्रेस वार्ता के उपरांत महिला आयोग के सदस्यों ने शहर के दुर्वे स्थित अंबेडकर छात्रावास एवं रहीम विगहा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक सुधार एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page