खिजरसराय के मनसा बिगहा में 15–20 डकैतों का धावा, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट

0
Screenshot_2026_0319_231728.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 मार्च 2026

गयाजी;  जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के मनसा बिगहा गांव में बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि अज्ञात डकैतों ने एक घर में घुसकर बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 20 की संख्या में रहे डकैतों ने गृहस्वामी मनीष कुमार के घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।

परिवार को कमरे में बंद कर की लूटपाट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे की है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधी घर में घुस गए और सभी सदस्यों को हथियार का डर दिखा एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर के कमरों के ताले तोड़कर आराम से लूटपाट की और सोने-चांदी के जेवरात, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

डायल 112 पर डीजल नहीं होने की बात

पीड़ित परिवार के अनुसार, जब लुटेरे लूट कर चले गए तो घटना की सूचना डायल 112 पर दिया गया पर गाड़ी में डीजल नहीं होने की बात कह कर तुरंत आने से मना कर दिया। बाद में किसी तरह खिजरसराय थाना प्रभारी से संपर्क होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह गया-पटना मुख्य सड़क को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।

डॉग स्क्वॉड से की गई जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड को बुलाया और अपराधियों के सुराग तलाशने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि डकैत लूट का सामान गांव के पास एक गेहूं के खेत में बने झोपड़ीनुमा मकान तक ले गए, जहां गैर जरूरी सामान छोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page