वजीरगंज विधायक का कथित आपत्तिजनक बयान वायरल, मंच से अधिकारी को लेकर टिप्पणी पर मचा राजनीतिक घमासान

0
Screenshot_2026_0612_142746.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 जून 2026,

गयाजी: जिले के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर एक अधिकारी के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

सम्मान समारोह में उठा था नाली निर्माण और ओवरब्रिज का मुद्दा

जानकारी के अनुसार यह वीडियो 24 मई को वजीरगंज प्रखंड के बैरिया गांव में तैलिक साहू समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह का बताया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण तथा राजगीर-बोधगया मार्ग पर रसलपुर गुमटी के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) में हो रही देरी का मुद्दा उठाया था।

छुट्टी के दिन निरीक्षण नहीं करने पर नाराज हुए विधायक

कार्यक्रम में संबोधन के दौरान विधायक ने बताया कि उन्होंने नाली निर्माण संबंधी मामले को लेकर संबंधित अधिकारी को मौके पर बुलाया था। उनके अनुसार अधिकारी ने रविवार होने का हवाला देते हुए आने से इनकार कर दिया और नियमानुसार आवेदन देने की प्रक्रिया अपनाने की बात कही। विधायक ने इसी प्रसंग का जिक्र करते हुए मंच से अपनी नाराजगी व्यक्त की।

वीडियो वायरल होने के बाद दी सफाई

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

वीडियो वायरल होने के बाद विधायक वीरेंद्र सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी सरकारी अधिकारी को गाली नहीं दी है। उनका कहना है कि उनकी टिप्पणी गायत्री कंस्ट्रक्शन कंपनी के एक कर्मचारी के संदर्भ में थी, जो आरओबी और नाला निर्माण से संबंधित कार्यों में लापरवाही बरत रहा था। विधायक ने यह भी कहा कि यह घटना कई महीने पुरानी है और इसे अब राजनीतिक रूप से उछाला जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना

वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता एवं वजीरगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शशि शेखर ने भाजपा विधायक पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने विधायक के व्यवहार को जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं बताया।

चर्चा का विषय बना मामला

वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बन गया है। एक ओर विधायक अपनी सफाई में किसी अधिकारी को अपशब्द नहीं कहने की बात कर रहे हैं, वहीं विपक्ष इस मुद्दे को लेकर उन पर हमलावर है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page