SBPDCL का 14वां स्थापना दिवस मनाया गया, 23 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति और त्वरित ट्रांसफॉर्मर बदलने की व्यवस्था पर चर्चा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 नवम्बर 2026,
गयाजी। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) का 14वां स्थापना दिवस गयाजी विद्युत अंचल कार्यालय में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने कंपनी की 14 वर्षों की उपलब्धियों, विद्युत वितरण व्यवस्था में हुए सुधारों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में विद्युत अधीक्षण अभियंता (आपूर्ति), विद्युत अधीक्षण अभियंता (CGRF), विद्युत अधीक्षण अभियंता (सिविल), कार्यपालक अभियंता तथा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल मानपुर, गयाजी ग्रामीण, गयाजी शहरी एवं शेरघाटी के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्युत वितरण व्यवस्था में सुधारों पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि पिछले 14 वर्षों में SBPDCL ने विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और उपभोक्ता हितैषी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कंपनी का देश के A+ ग्रेड डिस्कॉम में शामिल होना उसकी कार्यप्रणाली और प्रबंधन क्षमता में हुए सुधारों को दर्शाता है।
उपभोक्ताओं को 23 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा
SBPDCL के अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को लगभग 23 से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। तकनीकी और प्रबंधन संबंधी सुधारों के कारण खराब ट्रांसफॉर्मर को महज दो घंटे के भीतर बदलने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में हाइड्रोलिक वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे ट्रांसफॉर्मर बदलने का काम पहले की अपेक्षा अधिक तेज और आसान हुआ है।
डैशबोर्ड से बिजली व्यवस्था की हो रही रियल टाइम निगरानी
विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता तथा 11 केवी फीडरों में व्यवधान से संबंधित डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं। इनके माध्यम से संबंधित पदाधिकारी वास्तविक समय में विद्युत व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति पर भी चर्चा
स्थापना दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के क्रियान्वयन में बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अपने दायित्वों का निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने वाले उत्कृष्ट पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्युत वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने में विभागीय कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
स्थापना दिवस के अवसर पर कंपनी की अब तक की उपलब्धियों को याद करने के साथ भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध और सुविधाजनक विद्युत सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
