विकास वैभव ने संभाला मगध क्षेत्र के आईजी का पदभार, अपराध और भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की घोषणा

0
1778602607315.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 मई 2026,

गयाजी: विकास वैभव ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), मगध क्षेत्र का पदभार ग्रहण कर लिया। पटना से आगमन के पश्चात जिला अतिथि गृह में जिला पुलिस के द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उसके बाद अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने प्रेस और मीडिया कर्मियों एवं आम लोगों से बातचीत करते हुए मगध क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति ‘Zero Tolerance’ की नीति अपनाई जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्राथमिकी दर्ज करने और निष्पक्ष जांच पर विशेष जोर

आईजी विकास वैभव ने मगध क्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षकों एवं अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध की घटनाओं में ससमय प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा कांड दर्ज करते समय धाराओं का अनावश्यक न्यूनीकरण न किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी जाए तथा मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए। थाना स्तर पर अवैध वसूली पर रोक लगाने के भी सख्त निर्देश दिए गए।

रात्रि गश्ती, लंबित मामलों और वारंट निष्पादन पर फोकस

आईजी ने संपत्तिमूलक अपराधों के त्वरित अनुसंधान, रात्रि गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

शराब कारोबारियों और असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई

विकास वैभव ने कहा कि शराब कारोबारियों एवं शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सड़क जाम कर कानून-व्यवस्था बाधित करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने को लेकर भी अधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

वरिष्ठ नागरिकों और पर्यटकों के लिए बनेगा विशेष सेल

आईजी ने वरिष्ठ नागरिकों, एनआरआई एवं पर्यटकों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सेल गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन लोगों के संपर्क नंबरों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उनकी समस्याओं की निगरानी की जाएगी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

हर महीने थाना स्तर पर होगी ‘लोक संवाद गोष्ठी’

पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को सभी थाना क्षेत्रों में ‘लोक संवाद गोष्ठी’ आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इस पहल के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सीधे पुलिस प्रशासन तक पहुंच सकेंगी।

नियमित होगी कार्यों की समीक्षा

आईजी ने कहा कि जिला स्तर पर दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं कार्रवाई की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी निर्देश धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page