वैशाली में 2 हजार रुपये रिश्वत लेते आपूर्ति शाखा का लिपिक रंगेहाथ गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0707_221251.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना / वैशाली | 07 जुलाई 2026

पटना/वैशाली: भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले के हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय के आपूर्ति शाखा के लिपिक सुमन सौरभ को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने अनुमंडल कार्यालय के द्वितीय तल स्थित रिकॉर्ड रूम में की।

लाइसेंस बहाल करने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनारायणपुर निवासी किशन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आपूर्ति शाखा के लिपिक सुमन सौरभ उनके लाइसेंस के पुनर्बहाल (रिन्यूअल/बहाली) के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

सत्यापन में सही पाए गए आरोप

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या-081/26 (दिनांक 06 जुलाई 2026) दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

रंगेहाथ हुई गिरफ्तारी

पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगरानी टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए सुमन सौरभ को 2,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के उपरांत उसे माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

2026 का 76वां ट्रैप केस

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 81वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 76 ट्रैप (रंगेहाथ गिरफ्तारी) मामले शामिल हैं। ब्यूरो अब तक 76 आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर चुका है तथा कुल 28,57,300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page