IG विकास वैभव का एक्शन, जमीनी विवाद में पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीन आचरण के आरोप में कड़ौना थानाध्यक्ष को किया निलंबित
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 02 सितंबर 2026
जहानाबाद: जिले के कड़ौना थाना के थानाध्यक्ष को जमीनी विवाद के एक मामले में पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीन आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष पर दूरभाष के माध्यम से गयाजी जिले के बांकेबाजार थाना के थानाध्यक्ष से कथित तौर पर अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने तथा एक पक्ष पर दबाव बनाने का आरोप सामने आया था।
न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद हस्तक्षेप का आरोप
मामला एक विवादित भूमि से जुड़ा है, जिसके संबंध में माननीय न्यायालय में सिविल मुकदमा लंबित बताया गया है। आरोप है कि संबंधित पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर धान रोपने की शिकायत के बाद बांकेबाजार थानाध्यक्ष ने वरीय पुलिस अधीक्षक, गयाजी को उचित कार्रवाई के लिए पत्राचार किया था।
इसी मामले के संदर्भ में कड़ौना थानाध्यक्ष द्वारा कथित रूप से एकपक्षीय हस्तक्षेप करते हुए दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने की बात सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गयाजी ने कड़ौना थानाध्यक्ष के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र से अनुरोध किया।
जमीनी विवाद में पुलिस के हस्तक्षेप को लेकर स्पष्ट निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के स्तर से पूर्व में भी पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जमीनी एवं निजी विवादों में पुलिस पद और शक्तियों का दुरुपयोग कर किसी एक पक्ष के समर्थन में हस्तक्षेप नहीं करेगी। ऐसे मामलों में विधिसम्मत और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने कड़ौना थानाध्यक्ष, जिला जहानाबाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता पर रखा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक ने दोहराया है कि जमीनी एवं निजी विवादों में पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्षता, विधिसम्मत कार्रवाई और पद की गरिमा का पूरी तरह पालन करना होगा। पुलिस शक्तियों के दुरुपयोग अथवा किसी पक्ष के प्रति अनुचित हस्तक्षेप को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
