मुहर्रम को लेकर गया में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 जून 2026,
गयाजी: मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर ताजिया जुलूस एवं कर्बला क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गयाजी शहर में विशेष यातायात नियंत्रण एवं मार्ग परिवर्तन योजना लागू की है। यह व्यवस्था 26 जून एवं 27 जून 2026 को सायं 4:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर गयाजी शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा कंडी नवादा से रामशिला मोड़ होते हुए किरानी घाट पेट्रोल पंप तक तथा किरानी घाट से रामशिला मोड़ की ओर सभी ऑटो, टोटो, टेम्पू एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह वर्जित रहेगा।
वहीं चाकंद की ओर से गयाजी शहर में प्रवेश करने वाले सभी छोटे एवं चारपहिया वाहनों का कंडी नवादा से रामशिला की ओर आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने जारी किए वैकल्पिक मार्ग
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। चाकंद की ओर से आने वाले वाहन एनएच-22 बाईपास, अबगिला ओवरब्रिज, गया-प्रेतशिला मार्ग, रेलवे गुमटी संख्या-64, छोटकी नवादा एवं बागेश्वरी गुमटी होते हुए रेलवे स्टेशन और अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं पटना की ओर से बोधगया, डोभी एवं शेरघाटी जाने वाले चारपहिया वाहन चाकंद से एनएच-22 मार्ग का उपयोग करेंगे।
इसी प्रकार कंडी नवादा से बुनियादगंज एवं मानपुर पुल की ओर जाने वाले वाहन कुकरा मोड़, मेहता पेट्रोल पंप, भूसुंडा मोड़ एवं घुघड़ीटांड़ बाईपास होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आमजन से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात योजना का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
