दीप प्रज्ज्वलित कर एनआई एक्ट विशेष लोक अदालत का उद्घाटन, 8 मामलों का हुआ समझौते के आधार पर निपटारा

0
IMG-20260718-WA0005.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 जुलाई 2026,

गयाजी: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 से संबंधित मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को व्यवहार न्यायालय, गयाजी एवं अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, शेरघाटी में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान लंबित मामलों के शीघ्र समाधान पर विशेष बल दिया गया।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ

विशेष लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी प्रदीप कुमार मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) प्रकाश कुमार राय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

आपसी सहमति से विवादों के समाधान पर जोर

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार मलिक ने कहा कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से एनआई एक्ट के मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है। इससे पक्षकारों का समय, धन और ऊर्जा की बचत होती है तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने कहा कि लोक अदालत विवाद निस्तारण का सरल, सुलभ और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पक्षकारों से अधिकाधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि जिन मामलों का निस्तारण इस विशेष लोक अदालत में नहीं हो सका है, उनके लिए 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अवसर उपलब्ध रहेगा। संबंधित पक्षकार अपने मामलों के लिए पूर्व में संबंधित न्यायालय से संपर्क कर सकते हैं।

तीन बेंचों में हुई सुनवाई

विशेष लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल तीन बेंचों का गठन किया गया।

बेंच संख्या-1 (व्यवहार न्यायालय, गयाजी): एसीजेएम-8 ऋचा रंजन एवं पैनल अधिवक्ता विभा सिन्हा।

बेंच संख्या-2 (व्यवहार न्यायालय, गयाजी): न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सरोज कुमार एवं पैनल अधिवक्ता रविकांत।

बेंच संख्या-3 (अनुमंडल व्यवहार न्यायालय, शेरघाटी): एसडीजेएम आलोक कुमार एवं पैनल अधिवक्ता सुनील कुमार अग्रवाल।


इन बेंचों ने एनआई एक्ट से संबंधित मामलों की सुनवाई एवं समझौते के आधार पर निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कराई।

8 मामलों का हुआ निपटारा

विशेष लोक अदालत में कुल 8 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन मामलों में ₹19.64 लाख की समझौता राशि निर्धारित की गई। आयोजन के दौरान न्यायिक पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता, बैंक प्रतिनिधि, संबंधित पक्षकार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी तथा पारा लीगल वालंटियर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page