बोरवेल रेस्क्यू टीम का डीएम ने किया सम्मान, खुले बोरवेल बंद करने के लिए पीएचईडी को तीन दिन का अल्टीमेटम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी |18 जुलाई 2026,
गयाजी: जिले के फतेहपुर प्रखंड के कठौतिया केवाल पंचायत स्थित रघुनाथ नगर गांव में बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय मासूम पीयूष कुमार को सुरक्षित बचाने वाले रेस्क्यू अभियान में शामिल अधिकारियों एवं कर्मियों को शनिवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पीयूष कुमार और उसके माता-पिता को भी साहस एवं प्रशासन के सहयोग के लिए सम्मानस्वरूप उपहार प्रदान किया गया।
9 घंटे के कठिन रेस्क्यू के बाद बचाई गई थी मासूम की जान
17 जुलाई की रात दिनेश मांझी के तीन वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के गहरे बोरवेल में गिरने की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम (आपदा प्रबंधन), एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीडीओ, सीओ तथा फतेहपुर थानाध्यक्ष को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया था। संयुक्त प्रयासों से लगभग 9 घंटे के कठिन अभियान के बाद मासूम को जीवित एवं सकुशल बाहर निकाल लिया गया था।
रेस्क्यू टीम और जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में एडीएम (आपदा प्रबंधन) कुमार पंकज, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के जवानों, फतेहपुर के बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष तथा संबंधित पंचायत के जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई से एक मासूम की जान बचाई जा सकी।
दोषी अभियंता और ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खुले बोरवेल की घटना के लिए जिम्मेदार अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएचईडी को तीन दिनों में सभी खुले बोरवेल बंद करने का निर्देश
डीएम ने पीएचईडी विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सभी खुले बोरवेलों को तीन दिनों के भीतर सुरक्षित रूप से बंद कर इसकी प्रमाणित रिपोर्ट (सर्टिफिकेट) जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कई अधिकारी रहे मौजूद
सम्मान समारोह में एडीएम (आपदा प्रबंधन) कुमार पंकज, एडीएम (विधि-व्यवस्था) मोहम्मद शफीक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दीपक चंद्र देव, ओसीडी अंकुर कुमार सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
