नल-जल योजना में रिश्वत लेते मुखिया गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

0
1773170669168.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना / सीतामढ़ी | 10 मार्च 2026,

पटना/सीतामढ़ी: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवधेश साह को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सीतामढ़ी जिले के कौडिया लालपुर पंचायत के मुखिया हैं।

नल-जल योजना में मानदेय भुगतान के बदले मांग रहे थे रिश्वत

ब्यूरो के अनुसार परिवादी अजय कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत के मुखिया अवधेश साह नल-जल योजना में कार्यरत चार अनुरक्षकों के मानदेय भुगतान और अगली किस्त जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(a)/7(b) के तहत मामला दर्ज किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

होटल से रंगे हाथ गिरफ्तार

मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुखिया को सीतामढ़ी डुमरा कोर्ट परिसर के पास दुर्गा मंदिर के बगल स्थित शिवराज भोजनालय से 16,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

विशेष न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत

निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आरोप-पत्र दाखिल किया जाएगा। इस मामले में दोष सिद्ध होने पर 3 से 7 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page