बांके बाजार की शिक्षिका सौम्या रैना को CUSB के दीक्षांत समारोह में मिला गोल्ड मेडल, शैक्षणिक उपलब्धि से बढ़ाया गयाजी का मान

0
IMG-20261013-WA0005
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 अक्टूबर 2026

गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) के पांचवें दीक्षांत समारोह में गयाजी जिले की मेधावी शिक्षिका सौम्या रैना को चार वर्षीय एकीकृत बीए-बीएड पाठ्यक्रम (सत्र 2019–2023) में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। उन्होंने 8.47 सीजीपीए हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की। उनकी इस सफलता से परिवार, शिक्षण जगत और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

राज्यपाल सहित कई गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी में मिला सम्मान

विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान सौम्या रैना को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल एवं समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी तथा बिहार सरकार के मंत्री डॉ. प्रेम कुमार उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में मिली यह उपलब्धि सौम्या की शैक्षणिक प्रतिभा और मेहनत को रेखांकित करती है।

शिक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं सौम्या

सौम्या रैना गयाजी के मानपुर स्थित बुद्ध विहार कॉलोनी की निवासी हैं। वह अधिवक्ता हरिनंदन प्रसाद सिंह एवं गृहणी संयुक्ता सिन्हा की सुपुत्री हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं। वर्तमान में वह गयाजी जिले के बांके बाजार प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सैफगंज में अध्यापन कार्य कर रही हैं और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में योगदान दे रही हैं।

राष्ट्रीय युवा संसद में बिहार का कर चुकी हैं प्रतिनिधित्व

NSS राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं रूस में आयोजित IYF 2026 में भारतीय युवा प्रतिनिधि रहे शैलेन्द्र कुमार ने सौम्या रैना को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि सौम्या ने वर्ष 2022 में नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अतिरिक्त, वह राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय सदस्य के रूप में भाग लेती रही हैं।

बेटियों और युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

सौम्या रैना की यह उपलब्धि विशेष रूप से उन युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायक है, जो शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि निरंतर परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

NSS परिवार और स्थानीय लोगों ने दी बधाई

सौम्या रैना को स्वर्ण पदक मिलने पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) परिवार, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देती रहेंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page