रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार: निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई में सहकारिता पदाधिकारी दबोचे गए

0
1777055529786.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | रोहतास/ पटना | 24 अप्रैल 2026,

पटना/रोहतास: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार को एक और बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को ब्यूरो की टीम ने रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड में तैनात प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जनार्दन कुमार को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र निवासी प्रशांत कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पदाधिकारी द्वारा धान अधिप्राप्ति में पैक्स के भौतिक सत्यापन के बाद प्रतिवेदन भेजने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या-049/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत 24 अप्रैल को टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जनार्दन कुमार को थाना राजपुर क्षेत्र स्थित न्यू रॉयल हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे आगे की कार्रवाई के लिए विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत सीधे निगरानी विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page