सीयूएसबी के गार्गी सदन में ‘संस्मृति’ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां

0
IMG-20260425-WA0002.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 अप्रैल 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के गार्गी सदन गर्ल्स हॉस्टल में अकादमिक सत्र के समापन के अवसर पर शनिवार को ‘संस्मृति’ नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना, विभिन्न राज्यों की विविधता को एक मंच पर लाना तथा छात्रावास जीवन के अनुभवों को साझा करना था।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने कार्यक्रम की जानकारी दी। चीफ वार्डेन रेणु ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि छात्राओं के साथ उनका संबंध केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है।

उपलब्धियों की बुकलेट का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान गार्गी सदन के पिछले वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट का विमोचन किया गया, जिसमें छात्रावास की प्रमुख गतिविधियों और सफलताओं को दर्शाया गया है।

छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियां

‘संस्मृति’ के अंतर्गत छात्राओं ने नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रावास की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक रंग भी लेता नजर आया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित

कार्यक्रम में छात्रावास की विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कुलपति ने की छात्राओं की सराहना

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अपने संबोधन में आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छात्रावास और विश्वविद्यालय जीवन व्यक्ति के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने छात्राओं को अपने समय का सदुपयोग कर बेहतर भविष्य गढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने समाज में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एक शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र का आधार होता है।

कार्यक्रम में ये रहे शामिल

इस अवसर पर डिप्टी प्रॉक्टर डॉ. मंगलेश मंगलम, सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. विकल कुमार सिंह, सहायक प्रॉक्टर डॉ. अबोध कुमार सिंह, उपकुलसचिव प्रतीश कुमार दास, को-ऑर्डिनेटर डॉ. प्रमिला वेणु, स्टेट ऑफिसर डॉ. मनीषा तिवारी, मैत्रेय हॉस्टल की चीफ वार्डन डॉ. तारा कासव सहित विश्वविद्यालय के कई गणमान्य अधिकारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन वार्डेन डॉ. सुनैना ने किया, जबकि मंच संचालन अदिति, शिवाली और अरिप्रा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page