मानपुर में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का समापन, प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिंहा ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 जून 2026,
गयाजी/मानपुर। गयाजी जिले के मानपुर प्रखंड में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। तीन दिनों तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन जमा किए।
शिविर के दौरान भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त किए गए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र निष्पादन के लिए अग्रसारित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं गयाजी जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिंहा के आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। इस दौरान उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मंत्री विजय कुमार सिंहा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान उनके दरवाजे तक पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन निर्धारित काउंटर पर जमा करें और टोकन प्राप्त करें, ताकि प्रत्येक आवेदन पर पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई हो सके।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की समीक्षा की जाएगी और जिन मामलों का अभी निष्पादन नहीं हो पाया है, उन्हें जल्द से जल्द निपटाने का प्रयास किया जाएगा। अगली बार जब हम यहां आएंगे तो इन समस्याओं की प्रगति और समाधान की स्थिति से भी रूबरू होंगे।”
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी जन शिकायत को लंबित न रखा जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जनता और प्रशासन के बीच की दूरी कम करने के लिए ऐसे जन कल्याण शिविरों का लगातार आयोजन कर रही है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। लोगों ने प्रशासन और सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आसान हुई है।
