ऑपरेशन मुस्कान: खोए और चोरी हुए मोबाइल वापस पाकर खिले लोगों के चेहरे
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 अप्रैल 2026,
गयाजी। जिले में “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गयाजी पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए शुक्रवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाकर लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जिले के सभी थाना एवं ओपी स्तर पर विशेष टेक्निकल टीम का गठन किया गया था। इन टीमों ने आधुनिक तकनीक और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से कार्रवाई करते हुए कुल 107 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
बरामद मोबाइलों को विधिवत सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा उनके असली धारकों को सौंपा गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और खुशी जाहिर की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन मुस्कान” का उद्देश्य सिर्फ अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों का विश्वास मजबूत करना भी है। इस अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
गयाजी पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल चोरी या गुम हो जाए तो वे तुरंत नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर भी रिपोर्ट करें, ताकि मोबाइल को ट्रैक कर जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
