सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन: गया कॉलेज के स्वयंसेवकों को मिला सेवा और नेतृत्व का संदेश

0
IMG-20260805-WA0009.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 अगस्त 2026,

गयाजी। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), गया कॉलेज, गयाजी द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर का भव्य समापन बुधवार को उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में गयाजी जिला प्रशासन की डिप्टी कलेक्टर नेहा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने की। इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार, बर्सर डॉ. मारकंडेय पांडेय, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट संजय तिवारी सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के गीत के साथ किया गया। स्वागत भाषण में प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विशेष शिविर के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम पदाधिकारी, आयोजन समिति और सभी स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए युवाओं से समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सात दिनों तक चले विविध जनजागरूकता कार्यक्रम

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिनों के दौरान विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम, नशा मुक्त भारत अभियान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विद्यार्थियों का लाइव संवाद, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता अभियान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, गायन, वादन, निबंध लेखन तथा रंगोली प्रतियोगिता सहित अनेक रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों ने स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत किया।

“युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला” : नेहा कुमारी

मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर नेहा कुमारी ने स्वयंसेवकों, विशेषकर छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार सफलता की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करें तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र साकार हो सकता है।

एनएसएस को बताया जीवन जीने की सकारात्मक विचारधारा

राष्ट्रीय सेवा योजना, मगध विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि स्वयंसेवकों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की सकारात्मक विचारधारा है, जो युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है।

उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार स्वयंसेवकों ईशा कुमारी, सोनू कुमार, निधि कुमारी एवं अमन राज चौरसिया को “बेस्ट वॉलिंटियर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में ईशा गुप्ता एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति की भूमिका रही महत्वपूर्ण

विशेष शिविर के सफल संचालन में आयोजन समिति के सदस्य आर्यन कुमार, सौरव कुमार, इश्तियाक आलम, सचित कुमार, शुभम कुमार, आशीष कुमार, प्रियांशु मिश्रा एवं सम्राट हर्षवर्धन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ सप्तदिवसीय विशेष शिविर का विधिवत समापन हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page