दुर्गा पूजा को लेकर नीमचक बथानी में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर एसडीओ ने दिए निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 अक्टूबर 2026
नीमचक बथानी। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में एसडीएम केशव आनंद की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शांति समिति एवं दुर्गा पूजा आयोजन समितियों के सदस्यों के साथ अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, नगर पंचायत खिजरसराय के पदाधिकारी, विद्युत एवं भवन विभाग के सहायक अभियंता तथा जिला अग्निशमन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
थाना स्तर पर बैठक और पूजा समितियों का विवरण जुटाने का निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों, अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शीघ्र शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्षों को पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव और अन्य सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व का शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, सभी पूजा समितियों के अध्यक्ष और सचिव के मोबाइल नंबर सहित आवश्यक विवरण अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अतिक्रमण हटाने, सीसीटीवी और बैरिकेडिंग पर जोर
पूजा पंडालों, जुलूस मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित अंचल अधिकारी के सहयोग से नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि आवागमन और आपातकालीन सेवाओं में बाधा न आए।
सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और वीडियोग्राफी की आवश्यकता तथा उपलब्धता से संबंधित प्रतिवेदन भी शीघ्र मांगा गया। वहीं, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए जहां बैरिकेडिंग आवश्यक है, वहां स्थल-विशिष्ट प्रस्ताव तैयार कर 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
चिकित्सा व्यवस्था और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
दशहरा पर्व के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा पदाधिकारियों को चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के मोबाइल नंबर संबंधित थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसकी एक प्रति अनुमंडल कार्यालय को भी देने को कहा गया।
इसके अलावा, सभी संबंधित पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार की स्थिति में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
मूर्ति विसर्जन और रावण दहन के दौरान विशेष सतर्कता
अनुमंडल पदाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन और रावण दहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया। चिह्नित एवं संभावित संवेदनशील स्थलों पर संबंधित अंचल अधिकारी और थानाध्यक्षों को स्वयं निगरानी रखने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दुर्गा पूजा से जुड़ी समस्याओं की समयबद्ध पहचान और निराकरण करने तथा विधि-व्यवस्था संबंधी सूचना मिलने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन ने आम लोगों से की सहयोग की अपील
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही, शांति समिति और दुर्गा पूजा आयोजन समितियों के सदस्यों से प्रशासन को सहयोग देने तथा आम नागरिकों से आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की।
