राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, 9 मई को गयाजी में सुलहनीय मामलों का होगा निस्तारण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 अप्रैल 2026,
गयाजी; 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर गया व्यवहार न्यायालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया, प्रदीप कुमार मलिक ने की। बैठक में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर रणनीति तय की गई।
अधिकाधिक मामलों के निपटारे पर जोर
बैठक के दौरान चिन्हित मामलों में शीघ्र नोटिस निर्गत करने और अधिकतम मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने गयाजी जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित सुलहनीय आपराधिक मामलों का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से कराएं।
इन मामलों का होगा निस्तारण
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामलों, चेक बाउंस, ग्राम कचहरी, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन दुर्घटना, ट्रैफिक चालान, बिजली से संबंधित विवाद समेत अन्य सुलहनीय मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में सीजेएम प्रकाश कुमार राय, जिला वन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनन विभाग, पंचायती राज विभाग, बिजली विभाग, यातायात विभाग, श्रम विभाग, बैंक, इंश्योरेंस, बीएसएनएल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
