पूर्वी चंपारण में निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई, 10 हजार रिश्वत लेते बड़ा बाबू गिरफ्तार

0
1773769242868.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना / मोतिहारी | 17 मार्च 2026,

मोतिहारी: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की टीम ने पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि कुमार चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो वहां निम्न वर्गीय लिपिक-सह-बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत हैं।

10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मंगलवार को निगरानी थाना कांड संख्या 024/26 के तहत कार्रवाई करते हुए रवि कुमार चतुर्वेदी को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर (जिला पूर्वी चंपारण) में की गई।

भविष्य निधि और अवकाश राशि के भुगतान के बदले मांगी थी घूस

इस मामले में परिवादी भरत ठाकुर, निवासी ग्राम बंगरी, थाना पिपरा कोठी, जिला पूर्वी चंपारण ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि बड़ा बाबू द्वारा भविष्य निधि और उपार्जित अवकाश की राशि के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी।

सत्यापन के बाद की गई कार्रवाई

निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक धावादल का गठन कर जाल बिछाया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश

निगरानी ब्यूरो के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page