मानपुर कृषि कार्यालय में औचक निरीक्षण से हड़कंप, कई कमरों में बंद मिले ताले

0
Screenshot_2026_0507_123851.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 मई 2026,

गयाजी/मानपुर: गयाजी के मानपुर प्रखंड कृषि कार्यालय में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रखंड प्रमुख खदीजा इस्लाम ने औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच प्रमुख जब कार्यालय पहुंचीं, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। कार्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ था। कई कमरों में ताले लटके मिले, जबकि कई कर्मचारी अपनी सीटों पर व्यवस्थित तरीके से मौजूद नहीं दिखे। इसी दौरान कार्यालय परिसर में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज होती भी नजर आई।

निरीक्षण के दौरान सबसे हैरान करने वाली स्थिति तब सामने आई, जब प्रमुख के पहुंचने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में बंद कमरों के दरवाजे खोलने की कोशिश शुरू कर दी गई।

प्रखंड प्रमुख ने जब कर्मचारियों से सवाल किया कि कार्यालय के कमरों में ताला बंद क्यों रखा जाता है, तो जवाब मिला – “बकरी घुस जाती है, इसलिए ताला बंद रखते हैं।” कर्मचारियों के इस जवाब पर प्रमुख ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की लापरवाही और अव्यवस्था किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों को कार्यालय व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

इस निरीक्षण के बाद अब स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठने लगा है कि जब कार्यालय समय में ही कमरे बंद रहते हैं, तो आम लोगों की समस्याओं का समाधान कैसे होता होगा। मानपुर प्रखंड कृषि कार्यालय की यह व्यवस्था अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page