सड़क हादसे में मृत महिला प्राचार्या के पति को मिला 20 हजार का चेक, कल तेज रफ्तार हाइवा ने ली थी जान

0
Screenshot_2026_0916_190411.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी/नालंदा | 16 सितंबर 2026

गयाजी/नालंदा: राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर कल हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 25 वर्षीय महिला प्राचार्या ममता कुमारी के परिवार को बुधवार को प्रशासन की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। नीमचक बथानी के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर आनंद एवं पूर्व प्रमुख सह विधायक प्रतिनिधि मनोज कुशवाहा ने संयुक्त रूप से मृतका के पति संजीत कुमार को चेक सौंपा।

इस दौरान दोनों ने मृतका के पति एवं परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा इस दुख की घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

तीज की पूजा कर लौटते समय हुआ था दर्दनाक हादसा

ममता कुमारी की मौत मंगलवार सुबह राजगीर के छबिलापुर थाना क्षेत्र में राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग पर राइसपर के समीप हुई थी। वह तीज की पूजा करने के बाद सड़क पार कर स्कूल परिसर स्थित अपने आवास की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान राजगीर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि ममता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।

पति की लंबी उम्र के लिए रखा था निर्जला व्रत

बताया गया कि ममता कुमारी ने अपने पति संजीत कुमार की लंबी उम्र की कामना को लेकर तीज का निर्जला व्रत रखा था। सुबह पड़ोस में तीज की पूजा संपन्न करने के बाद वह घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

सिटी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या थीं ममता

ममता कुमारी राइसपर स्थित सिटी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या थीं और परिवार के साथ स्कूल परिसर में ही रहती थीं। उनके पति संजीत कुमार इसी विद्यालय के निदेशक हैं। मूल रूप से वह गयाजी जिले के बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर गांव की रहने वाली थीं। ममता कुमारी की असामयिक मौत से उनके मायके, ससुराल और विद्यालय परिवार में शोक का माहौल है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page