राज्य स्तरीय प्री-आरडी कैंप-2027 में मगध विश्वविद्यालय की टीम ने लिया भाग
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 सितंबर 2026
गयाजी: राज्य स्तरीय प्री-आरडी कैंप-2027 में भाग लेने के लिए मगध विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की टीम पटना पहुंची। मगध विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार के दिशा-निर्देश में टीम का नेतृत्व गया कॉलेज, गयाजी के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने किया।
14 स्वयंसेवकों ने किया मगध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व
राज्य स्तरीय प्री-आरडी कैंप में मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 14 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। गया कॉलेज, गयाजी की ओर से रिया कुमारी, श्रुति कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रगति, आर्यन कुमार एवं प्रियांशु मिश्र ने प्रतिभाग किया।
ड्रिल, अनुशासन और सांस्कृतिक गतिविधियों में हुआ प्रदर्शन
कार्यक्रम का आयोजन ए.एन. कॉलेज, पटना, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। इसमें बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कैंप के दौरान स्वयंसेवकों की ड्रिल प्रैक्टिस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा एवं प्रदर्शन का परीक्षण किया गया।
कैंप में स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। गया कॉलेज के स्वयंसेवकों ने भी ड्रिल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने महाविद्यालय एवं मगध विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अबू बकर, ए.एन. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत, राष्ट्रीय सेवा योजना बिहार एवं झारखंड के निदेशक विनय कुमार सिंह, यूथ ऑफिसर दीपक मंडल एवं प्रियव्रत मंडल सहित अन्य पदाधिकारी एवं अतिथिगण मौजूद रहे।
राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का अवसर
डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि प्री-आरडी कैंप स्वयंसेवकों के लिए अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों के लिए तैयार किया जाता है।
