सहयोग शिविर में उमड़ा जनसैलाब, राशन कार्ड से लेकर जमीन और स्कूल के रास्ते तक की समस्याएं उठीं

0
IMG-20260901-WA0004-1.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 1 सितंबर 2026

गयाजी: खिजरसराय प्रखंड की कुड़वा पंचायत स्थित कुड़वा सामुदायिक भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और आवेदन लेकर शिविर में पहुंचे। अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद, बीडीओ पूजा गहलोत, सीओ केशव किशोर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

हालांकि, शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही, जबकि पीएचईडी के अधिकारी भी विलंब से शिविर में पहुंचे।

राशन कार्ड की समस्याओं ने बढ़ाई चिंता

शिविर में सबसे अधिक शिकायतें राशन कार्ड से जुड़ी सामने आईं। ग्रामीणों ने नया राशन कार्ड बनवाने, परिवार के छूटे सदस्यों के नाम जोड़ने और पुराने राशन कार्ड में सुधार कराने को लेकर आवेदन दिए।

आवेदन भरने में लापरवाही की शिकायत सामने आने पर अधिकारियों ने विकास मित्र वीरेंद्र मांझी को फटकार लगाई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसे भरवाकर संबंधित प्रक्रिया के तहत जमा कराया जाए, ताकि किसी जरूरतमंद को सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।

चार किलो अनाज मिलने की शिकायत, जांच के आदेश

ग्रामीणों ने जन वितरण प्रणाली की दुकान से निर्धारित मात्रा से कम अनाज मिलने की शिकायत भी एसडीओ के समक्ष रखी। ग्रामीणों का आरोप था कि उन्हें चार किलो ही अनाज दिया जा रहा है, जबकि उन्हें निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मिलना चाहिए।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने संबंधित अधिकारी को मामले की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित डीलर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जमीन के मामलों को लेकर भी पहुंचे ग्रामीण

सहयोग शिविर में दाखिल-खारिज, जमाबंदी, जमीन की मापी और सीमांकन से संबंधित कई मामले भी सामने आए। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर संबंधित पदाधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

वहीं, लड़कियां गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय तक जाने के लिए उचित रास्ता नहीं होने की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय तक रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की।

शिविर में ही मिला जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र

सहयोग शिविर के दौरान ग्रामीणों के बीच जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया। इससे लोगों को संबंधित कार्यालयों का चक्कर लगाने से तत्काल राहत मिली।

मौके पर मुखिया राजबल्लम पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष पिंकी देवी, विधायक प्रतिनिधि सच्चिदानंद सिंह, प्रखंड प्रमुख पति मंटू यादव समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

स्थानीय स्तर पर समाधान की कोशिश

ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर इस तरह का शिविर लगाए जाने की सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि संबंधित विभागों के अधिकारी नियमित रूप से ऐसे शिविरों में मौजूद रहें तो छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को प्रखंड और अंचल कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का मूल उद्देश्य प्रशासन को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित मामलों के निष्पादन की निगरानी भी की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page