संबल योजना से दिव्यांगजनों को मिली आत्मनिर्भरता की राह, 25 लाभुकों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 सितंबर 2026
गयाजी: मुख्यमंत्री सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत मंगलवार को खिजरसराय स्थित बुनियाद केंद्र में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान 25 दिव्यांगजनों के बीच बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
वाहन मिलते ही खिले लाभुकों के चेहरे
बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने के बाद लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। लाभुकों ने कहा कि आवागमन के लिए उन्हें अब तक परिवार के सदस्यों या अन्य लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। साधन के अभाव में कई जरूरी काम भी प्रभावित होते थे। इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल मिलने से अब वे अपने दैनिक कार्यों के लिए अधिक स्वतंत्र होकर आवागमन कर सकेंगे।
रोजगार और जरूरी सेवाओं तक पहुंच में होगी सहूलियत
अधिकारियों ने बताया कि ‘संबल’ योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से लाभुकों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। यह पहल उनके जीवन में गतिशीलता बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करेगी।
लाभुकों को संचालन और रखरखाव की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में प्रखंड के संबंधित अधिकारी एवं कर्मियों के साथ बुनियाद केंद्र के केंद्र प्रबंधक नवीन कुमार, अजहरुद्दीन तथा जिला से पहुंचे अधिकारी मौजूद रहे। बुनियाद केंद्र के कर्मियों ने लाभुकों को ट्राई साइकिल के संचालन, बैटरी चार्जिंग और रखरखाव से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। अधिकारियों ने लाभुकों से वाहनों का सुरक्षित एवं निर्धारित तरीके से उपयोग करने की अपील की।
बोले लाभुक—सिर्फ वाहन नहीं, आत्मनिर्भरता का साधन
ट्राई साइकिल प्राप्त करने वाले लाभुकों ने सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दूसरों पर निर्भरता कम करने और अपने जरूरी काम स्वयं करने की दिशा में नई शुरुआत है।
