राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर प्रधान जिला जज ने की बैठक, चिन्हित मामलों में शीघ्र नोटिस तामील का निर्देश

0
Screenshot_2026_0901_214616.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 सितंबर 2026

गयाजी: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने की। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

न्यायिक पदाधिकारियों को नोटिस तामील कराने का निर्देश

प्रधान जिला जज ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को अपने-अपने न्यायालयों में चिन्हित मामलों में शीघ्र नोटिस निर्गत करने और उसकी तामील सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नोटिस की तामील चौकीदार एवं पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) के माध्यम से प्रभावी ढंग से कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी मिल सके और वे उपस्थित होकर आपसी समझौते के आधार पर अपने मामलों का निपटारा करा सकें।

नोटिस नहीं मिला तो भी न्यायालय से कर सकते हैं संपर्क

प्रधान जिला जज ने आम लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लंबित सुलहनीय आपराधिक मामलों का भी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निपटारा कराया जा सकता है। यदि किसी पक्षकार को नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन वह अपने सुलहनीय मामले का निपटारा कराना चाहता है, तो वह संबंधित न्यायालय से संपर्क कर सकता है।

व्यापक स्तर पर चल रही तैयारियां

बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रकाश कुमार राय सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मामलों को आपसी सहमति से त्वरित एवं सरल तरीके से समाप्त कराना है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page