अब स्कूल में पढ़ाई भी कराएंगी खिजरसराय की BDO पूजा गहलौत, डीएम के आदेश से मिली नई जिम्मेदारी

0
1790702979152.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 सितंबर 2026

गयाजी। सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गयाजी जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के आदेश के तहत जिले के चयनित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में पदाधिकारियों को विद्यालय के शैक्षणिक अनुश्रवण के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी क्रम में खिजरसराय की प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पूजा गहलौत को सरस्वती विद्या निकेतन जनता +2 उच्च विद्यालय, करपी, खिजरसराय से संबद्ध किया गया है।

प्रत्येक सप्ताह लेंगी एक या अधिक कक्षाएं

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, नामित पदाधिकारी अपने आवंटित विद्यालय में प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक कक्षा अथवा इच्छानुसार दो या उससे अधिक कक्षाएं स्वयं लेंगे। इसके लिए पदाधिकारी अपनी शैक्षणिक योग्यता और अभिरुचि के अनुरूप विषय का चयन कर विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे। साथ ही उपचारात्मक कक्षाओं के संचालन की निगरानी और उसमें आवश्यक सहयोग भी करेंगे।

निरीक्षण के साथ बच्चों को पढ़ाने की भी जिम्मेदारी

खिजरसराय प्रखंड के लिए BDO पूजा गहलौत को नामित पदाधिकारी बनाया गया है। उनका संबद्ध विद्यालय सरस्वती विद्या निकेतन जनता +2 उच्च विद्यालय, करपी, खिजरसराय है। नई जिम्मेदारी के तहत वह केवल प्रशासनिक स्तर पर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का अनुश्रवण नहीं करेंगी, बल्कि कक्षा में जाकर विद्यार्थियों के पठन-पाठन में भी प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगी।

इस पहल से विद्यार्थियों को प्रशासनिक अधिकारी के साथ सीधे संवाद करने और उनके अनुभव से सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों की प्रगति को करीब से समझने में भी मदद मिलेगी।

स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय के उपयोग की होगी समीक्षा

जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार नामित पदाधिकारी विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशाला जैसी सुविधाओं के नियमित एवं प्रभावी उपयोग की भी समीक्षा करेंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर कम करने के लिए प्रधानाध्यापक के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हर सप्ताह जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजनी होगी रिपोर्ट

नामित पदाधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह अपनी कक्षा संचालन और विद्यालय के अनुश्रवण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी, गया को भेजनी होगी। रिपोर्ट में निरीक्षण पंजी की छायाप्रति के साथ पदाधिकारी का मंतव्य भी शामिल किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी इन रिपोर्टों को संकलित कर जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

शिक्षा व्यवस्था में प्रशासनिक अधिकारियों की प्रत्यक्ष भागीदारी

जुलाई 2026 में राज्य स्तर पर शुरू की गई पहल के तहत जिले के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी, विज्ञान एवं कंप्यूटर की आधुनिक प्रयोगशालाओं सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

ऐसे में खिजरसराय की BDO पूजा गहलौत का विद्यालय जाकर विद्यार्थियों को पढ़ाना प्रशासनिक अधिकारियों की शिक्षा व्यवस्था में प्रत्यक्ष भागीदारी की दिशा में एक नई पहल है। इससे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के अनुश्रवण के साथ विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद और शिक्षण का अवसर भी मिलेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page