जमुई, समस्तीपुर के बाद अब गयाजी में भी युवक – युवती से मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, 4 गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 सितंबर 2026
गयाजी: जमुई और समस्तीपुर में छेड़ छाड़ और मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद अब गयाजी में भी एक युवक और उसकी महिला मित्र के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। मामला शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह पहाड़ी क्षेत्र का है। वायरल वीडियो की सूचना मिलने के बाद गयाजी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद/अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
महुआडीह पहाड़ी क्षेत्र में युवक और महिला मित्र के साथ दुर्व्यवहार का आरोप
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को शेरघाटी थाना को सूचना मिली कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। बताया गया कि एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ महुआडीह पहाड़ी क्षेत्र के पास घूम रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने दोनों को देखकर युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली।
एसएसपी के निर्देश पर तत्काल शुरू हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-01, अंचल पुलिस निरीक्षक शेरघाटी और थानाध्यक्ष शेरघाटी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। वादी के आवेदन के आधार पर शेरघाटी थाना कांड संख्या 482/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान के बाद चार गिरफ्तार, चार नाबालिग निरुद्ध
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दिव्यांजली जयसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए महुआडीह गांव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में श्री मांझी, पिता वनी मांझी, उपेन्द्र सिंह, पिता सरजू राम, प्रदीप राम, पिता सरजू राम तथा दिनेश मांझी, पिता स्व. शिवपति मांझी शामिल हैं। सभी महुआडीह, थाना शेरघाटी, जिला गयाजी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में चार विधि विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया है।
वायरल वीडियो को हटाने की प्रक्रिया शुरू
गयाजी पुलिस ने वायरल वीडियो के लिंक को टेकडाउन कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित स्तर पर भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले का अनुसंधान तेजी से किया जा रहा है और घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस की सोशल मीडिया पर विशेष नजर
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो वायरल करने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर जारी रखने की बात कही है।
