मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले में जनप्रतिनिधियों की टीम ने पदाधिकारी-कर्मचारियों को 19 रन से हराया
आर्यावर्त वाणी | खिजरसराय/गयाजी | 04 अक्टूबर 2026
खिजरसराय/गयाजी: नगर पंचायत खिजरसराय की ओर से आयोजित मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले में रविवार को क्रिकेट के मैदान पर जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के पदाधिकारी-कर्मचारियों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। +2 यशवंत उच्च विद्यालय के मैदान में खेले गए 10 ओवर के मुकाबले में जनप्रतिनिधियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम को 19 रन से पराजित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जनप्रतिनिधियों की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 104 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने जीत के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन निर्धारित ओवरों में टीम 85 रन ही बना सकी। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों की टीम ने 19 रन से जीत दर्ज की।
मैदान पर दिखी खेल भावना और आपसी सौहार्द
मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जहां मैदान पर जीत के लिए खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा रही, वहीं मैच के दौरान आपसी मेलजोल, सौहार्द और खेल भावना भी नजर आई। मुकाबले ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों को एक साथ खेल के मैदान पर आने का अवसर दिया।
जनप्रतिनिधियों की टीम में उपमुख्य पार्षद पति रौशन यादव, वार्ड पार्षद संदीप सिंह, विवेक कुमार, चंदन चंद्र सैनिक, संजीत कुमार दिवाकर और अंकुश कुमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। वहीं पदाधिकारी-कर्मचारियों की टीम की ओर से कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पांडेय, जेई दीपक कुमार, देवेंद्र कुमार समेत नगर पंचायत के अन्य कर्मियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया।
‘स्वच्छता ही सेवा’ से जुड़ा है आयोजन
कार्यपालक पदाधिकारी अंशुल पांडेय ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया गया। इससे पहले दो दिन पूर्व वॉलीबॉल मैच का भी आयोजन किया गया था।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग और सहभागिता की भावना को मजबूत करना भी है।
नगर पंचायत के इस आयोजन ने स्वच्छता अभियान को खेल और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का संदेश दिया। खेल के मैदान पर बनी यह आपसी सहभागिता नगर पंचायत के कार्यों में बेहतर समन्वय की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
