सीयूएसबी परिसर में केंद्रीय विद्यालय बोधगया का शुभारंभ, 320 सीटों के लिए मिले 2500 आवेदन

0
IMG-20261011-WA0001
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 अक्टूबर 2026

गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) परिसर में नवसृजित केंद्रीय विद्यालय बोधगया का विद्या प्रवेश समारोह शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने समारोह का उद्घाटन कर विद्यालय में पठन-पाठन का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, प्राध्यापकों, विद्यालय में नामांकन प्राप्त करने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति रही।

कुलपति का सपना हुआ साकार

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अपने संबोधन में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए विश्वविद्यालय की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीयूएसबी परिसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना उनका एक बड़ा सपना था, जो अब साकार हो गया है। विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के बच्चों की बेहतर स्कूली शिक्षा एक महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। नए विद्यालय के शुरू होने से अब इस समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का लाभ केवल विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के बच्चों को ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों में रहने वाले बच्चों को भी मिलेगा। इससे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।

320 सीटों के लिए आए करीब 2500 आवेदन

केंद्रीय विद्यालय बोधगया में शुरुआती चरण में बालवाटिका-1, बालवाटिका-2, बालवाटिका-3 और कक्षा एक से पांचवीं तक पढ़ाई शुरू की जा रही है। प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन संचालित होगा।

विद्यालय में नामांकन को लेकर विश्वविद्यालय के आसपास के गांवों और जिले के अन्य इलाकों के अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुल 320 सीटों पर नामांकन के लिए करीब 2500 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन की यह संख्या क्षेत्र में विद्यालय की जरूरत और अभिभावकों की अपेक्षाओं को दर्शाती है।

विश्वविद्यालय परिवार के प्रति जताया आभार

केंद्रीय विद्यालय गया-2 के प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव ने विद्यालय के संचालन के लिए परिसर में स्थान और भवन उपलब्ध कराने पर कुलपति प्रो. के. एन. सिंह, विश्वविद्यालय के उच्च पदाधिकारियों और पूरे विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह में सीयूएसबी के कुलसचिव नरेंद्र कुमार राणा, वित्त अधिकारी रश्मि त्रिपाठी, सीईओ डॉ. शांति गोपाल पाइन सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विद्यालय गया-1 की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

केंद्रीय विद्यालय बोधगया का शुभारंभ क्षेत्र के बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा के नए अवसर खोलने वाला कदम माना जा रहा है। अब विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page