अवकाश के बाद समय पर ड्यूटी पर नहीं लौटे 14 पुलिसकर्मी निलंबित, एसएसपी ने दिखाई सख्ती
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 सितंबर 2026
गयाजी: जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बुधवार को पुलिस केंद्र, गयाजी में जांच के दौरान ड्यूटी से संबंधित लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। निर्धारित अवधि का अवकाश समाप्त होने के बाद समय पर ड्यूटी पर योगदान नहीं देने वाले 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
दो पुलिस अवर निरीक्षक और 12 सिपाही शामिल
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में दो पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और 12 सिपाही शामिल हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित पुलिसकर्मी निर्धारित समय पर अवकाश से वापस लौटकर अपनी ड्यूटी पर योगदान नहीं किए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
कर्तव्य के प्रति अनुशासन और सजगता का निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कर्तव्य के प्रति अनुशासित और सजग रहने का स्पष्ट निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में समयबद्धता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्धारित अवकाश अवधि समाप्त होने के बाद समय पर ड्यूटी पर योगदान नहीं करने जैसी लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
