कांति देवी हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले केंद्रीय मंत्री मांझी, बोले- देश-विदेश कहीं भी हो आरोपित, गिरफ्तार करे पुलिस
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 अक्टूबर 2026
गयाजी: खिजरसराय थाना क्षेत्र के बाना मांझी टोला स्थित भूईं टोली में आपसी विवाद और मारपीट के दौरान कांति देवी की हुई मौत मामले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए पुलिस-प्रशासन से आरोपित की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हत्या का आरोपित देश में हो या विदेश में, उसे खोजकर गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान मांझी ने आरोपितों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “अच्छा घर नेवता दिया है, उनको नाश होना है, मरना है।” उनके इस बयान से हत्याकांड को लेकर उनकी नाराजगी सामने आई। घटना के बाद से आरोपित के फरार रहने और परिजनों द्वारा डराने-धमकाने की शिकायत किए जाने के बीच केंद्रीय मंत्री ने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
परिजनों ने मुलाकात के दौरान अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इस पर मांझी ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा, “हमारे घर में भी उन लोगों ने काम किया है।”
बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठा
हत्याकांड के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने भूईं टोली के ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शौचालय और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को खुले खेतों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांझी ने जिलाधिकारी से फोन पर बात की। उन्होंने तीन महीने के भीतर गांव में शौचालय और नल-जल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही, पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने और कल्याण विभाग के माध्यम से नियमानुसार नौकरी संबंधी सहायता की संभावनाओं पर जानकारी लेने की बात कही।
जमीन के दस्तावेजों की समस्या के समाधान का भरोसा
मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने जमीन से संबंधित दस्तावेजों की समस्याएं भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखीं। मांझी ने भरोसा दिलाया कि वह जिलाधिकारी और कमिश्नर से इस संबंध में जानकारी लेकर मामले की निगरानी करेंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान हो सके।
इस संबंध में खिजरसराय थाना कांड संख्या 345/26 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन अभियुक्त फरार हो चुका है। आरोपित की तलाश में टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी संभव हो सकेगी।
नेहा कुमारी, थानाध्यक्ष, खिजरसराय थाना
फिलहाल, कांति देवी हत्याकांड में आरोपित की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने का इंतजार है। केंद्रीय मंत्री द्वारा पुलिस-प्रशासन से कार्रवाई की मांग किए जाने के बाद अब सबकी निगाहें आरोपित की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
