जहानाबाद पहुंचे आईजी विकास वैभव, पुलिस पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

0
1779207546115.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 19 मई 2026

जहानाबाद: मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव मंगलवार को जहानाबाद पहुंचे, जहां जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। डीएम ने उन्हें पौधा भेंट किया, जबकि एसपी ने गमला भेंटकर अभिनंदन किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान किया गया।

एसपी कार्यालय में आयोजित हुई समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक

जहानाबाद आगमन के बाद पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभाकक्ष में जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, सदर एवं घोसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर क्राइम डीएसपी, यातायात डीएसपी, सभी अंचल पुलिस निरीक्षक एवं जिले के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक के दौरान आईजी ने जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि पुलिस प्रशासन को हर परिस्थिति में सक्रिय और जवाबदेह रहना होगा।

थाना कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने का निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों से क्रमवार परिचय प्राप्त करते हुए थाना कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और गश्ती व्यवस्था की समीक्षा

आईजी विकास वैभव ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं लंबित कांडों के निष्पादन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विधिसम्मत एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने, रात्रि गश्ती को मजबूत करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।

पुलिसिंग को जनोन्मुख और जवाबदेह बनाने पर बल

बैठक के दौरान आईजी ने कहा कि पुलिस बल की कार्यशैली जनोन्मुख, अनुशासित एवं जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हो सके। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाना रहा।

आईजी को पौधा भेंट करते एसपी अपराजित लोहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page