गयाजी में एक दिवसीय कार्यशाला सह पत्रकार सम्मान समारोह का होगा आयोजन

0
IMG-20250914-WA0010.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 सितंबर 2025


गयाजी। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, इसी भूमिका को सशक्त करने और पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से मानपुर प्रखंड स्थित गया नवादा रोड पर सुखदेव इन क्लर्क में दिनांक 15 सितंबर को एक भव्य एक दिवसीय कार्यशाला सह पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से आरंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (बीएसपीएस) के कार्यकारी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि समारोह में गयाजी के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस कार्यक्रम में पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। विशेष रूप से उन पत्रकारों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारिता को अपना धर्म मानते हुए जनहित के लिए कार्य किया है।
इस समारोह का उद्देश्य केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर भी विमर्श किया जाएगा। कार्यशाला में मीडिया की बदलती तकनीकी जरूरतों, डिजिटल पत्रकारिता के बढ़ते महत्व, ग्रामीण पत्रकारिता की चुनौतियों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर संगठन के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जिनमें –
राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पांडे, राष्ट्रीय महासचिव नवीन आनंद जोशी, राष्ट्रीय संगठन सचिव गिरिधर शर्मा, राष्ट्रीय सचिव सह बिहार राज्य प्रभारी चंदन मिश्रा, संगठन के संस्थापक शाहनवाज हसन, बिहार प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह सम्मान समारोह पत्रकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और मजबूती से निभाने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अपने अनुभव साझा करेंगे, वहीं युवा पत्रकारों को सीखने और समझने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page