गयाजी में स्पीडी ट्रायल और TMS पोर्टल की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 जुलाई 2026,
गयाजी: पुलिस कार्यालय में बुधवार को स्पीडी ट्रायल एवं ट्रायल मॉनिटरिंग सिस्टम (TMS) पोर्टल से संबंधित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी, रवींद्रन शंकरन, मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, विकास वैभव,गयाजी के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
स्पीडी ट्रायल मामलों की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक की अध्यक्षता बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी ने की। समीक्षा के दौरान स्पीडी ट्रायल से जुड़े मामलों की अद्यतन स्थिति, टीएमएस पोर्टल पर मामलों की प्रविष्टि, नियमित अपडेट तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया।
दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर दिया गया विशेष जोर
बैठक में मामलों के समयबद्ध अनुसंधान और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषसिद्धि (Conviction) दर बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक रणनीतियों पर भी चर्चा की।
पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक तथा अन्य संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों को टीएमएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग, स्पीडी ट्रायल मामलों की सतत निगरानी तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
त्वरित न्याय व्यवस्था को और मजबूत बनाने की पहल
अधिकारियों ने कहा कि स्पीडी ट्रायल और टीएमएस पोर्टल के प्रभावी संचालन से लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी, न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी तथा अपराधियों के विरुद्ध दोषसिद्धि दर में भी वृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी।
