बिहार पुलिस सप्ताह पर निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सिटी एसपी ने किया सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 अप्रैल 2026,
गयाजी: बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के तहत आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को रविवार को नगर पुलिस अधीक्षक,कोटा किरण कुमार के द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान शीर्ष 10 छात्र एवं 10 छात्राओं को प्रोत्साहित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विचारों में झलकी जिम्मेदारी की भावना
प्रतियोगिता का विषय “अगर मैं पुलिस अधीक्षक होता” रखा गया था, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। छात्रों ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी के रूप में उनका मुख्य उद्देश्य ईमानदारी, कर्मठता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।
जनसेवा और अपराध नियंत्रण पर जोर
प्रतिभागियों ने अपने निबंधों में आम जनता के प्रति सेवा भाव बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके विचारों में समाज के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक बदलाव की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
पुलिस-जन संबंध मजबूत करने की पहल
नगर पुलिस अधीक्षक ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में जागरूकता बढ़ती है और पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। साथ ही, इससे पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में भी मदद मिलती है।
