24 घंटे के भीतर पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 31 जुलाई 2026,
गयाजी: जिला पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन द्वारा इमामगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री का कथित रूप से अपहरण कर उसे शेरघाटी के एक होटल ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि दो दिन बाद पीड़िता को घर छोड़ने के दौरान आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
विशेष टीम का गठन कर शुरू की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए इमामगंज थाना कांड संख्या 265/26 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में इमामगंज थाना पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए ग्राम पकड़ी गुड़िया से मुख्य आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
त्वरित अनुसंधान और शीघ्र आरोप पत्र का आश्वासन
गयाजी पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मामले का वैज्ञानिक एवं प्रभावी अनुसंधान करते हुए शीघ्र आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा, ताकि त्वरित सुनवाई के माध्यम से दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया जारी है और अंतिम दोष सिद्धि न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगी।
