पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 की तैयारियां तेज, जिलावासियों से मांगे गए सुझाव
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 जुलाई 2026,
गयाजी: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 को भव्य, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। इस वर्ष मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कोषांगों का गठन किया गया है और उनके लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय में सड़क एवं नाली मरम्मत, सफाई व्यवस्था और प्रचार-प्रसार कोषांग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पांच दिनों में होगा सड़कों और नालियों का संयुक्त निरीक्षण
डीएम ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की सभी सड़कों, गलियों और नालियों का अगले पांच दिनों के भीतर वार्ड पार्षदों और समाजसेवियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों की सूची तैयार कर अगली समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकें।
महाकुंभ जैसी एजेंसी से होगी सफाई व्यवस्था
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस बार मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए ऐसी पेशेवर एजेंसियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों में कार्य करने का अनुभव हो। उन्होंने शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।
अवैध खटाल और आवारा पशुओं पर चलेगा अभियान
नगर निगम को निर्देशित किया गया कि मेला क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़कों पर संचालित अवैध खटालों और आवारा पशुओं को हटाया जाए। साथ ही अवैध खटाल संचालकों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
शौचालय, पियाऊ और सड़कों की होगी विशेष व्यवस्था
डीएम ने सभी सार्वजनिक शौचालयों और पियाऊ को पूरी तरह कार्यशील बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेला क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक मरम्मत और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं सुझाव
प्रचार-प्रसार कोषांग की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों, समाजसेवियों और अन्य हितधारकों से मेला व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव देने की अपील की। इच्छुक व्यक्ति अपने सुझाव ppmhasangam@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। उपयोगी सुझावों को मेला प्रबंधन में शामिल किया जाएगा।
स्वच्छ, सुरक्षित और यादगार होगा पितृपक्ष मेला
जिला पदाधिकारी ने विश्वास जताया कि सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों के सहयोग से पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
