पितृपक्ष मेला 2026 में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कर्मी सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 नवंबर 2026,
गयाजी। पितृपक्ष मेला 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मियों को बुधवार को सम्मानित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभागार में आयोजित समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह ने सभी को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन : जिला जज
समारोह को संबोधित करते हुए जिला जज डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर सहयोग एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने में सभी का योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना से ही इतने बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सकता है।
विधिक सहायता शिविर श्रद्धालुओं के लिए रहा उपयोगी
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विधिक सहायता, मार्गदर्शन और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने में अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं प्राधिकार के कर्मियों ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई। सभी के समन्वित प्रयासों से प्राधिकार का सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ।
अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में अपर समाहर्ता परितोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमन, शिव कैलाश डालमिया, प्रमोद जन आहार सेवा कुटीर, वूमेन बीइंग ऑफ सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी तथा मेरा युवा भारत के विशाल कुमार शामिल रहे।
इसके अलावा व्यवहार न्यायालय के प्रोटोकॉल कर्मियों सकीनतुल फातमा, स्व. महेश मिश्रा (मरणोपरांत), सुधीर कुमार, पंकज कुमार सिंह, अनुराग कुमार, अजीत कुमार एवं ऋषभ कुमार को भी सम्मानित किया गया।
पारा विधिक स्वयंसेवकों और प्राधिकार कर्मियों को भी मिला सम्मान
महिला पारा विधिक स्वयंसेवकों में मधु देवी, प्रियंका शर्मा, सचित कुमारी, रंजू कुमारी, शोभा सिन्हा एवं प्रतिमा कुमारी को सम्मानित किया गया। वहीं, पुरुष पारा विधिक स्वयंसेवकों में परमानंद सिंह, मनोज कुमार, संतन कुमार, संतोष कुमार, रोहित कुमार, संजय कुमार सिंह, अमरेश प्रसाद, हीरा लाल यादव एवं सुचित पासवान को सम्मान प्रदान किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मियों विकास कुमार, अनिल कुमार, रितिक कुमार, सतेंद्र कुमार, हीरा देवी एवं रौशन कुमार को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी जनसेवा और विधिक जागरूकता के कार्यों में इसी तरह सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा की गई।
