सीयूएसबी में विकसित भारत युवा संसद 2027 का जिला स्तरीय आयोजन, तीन विद्यार्थी राज्य स्तर के लिए चयनित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 नवंबर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में विकसित भारत युवा संसद (VBYP) 2027 के जिला स्तरीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर तीन विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए किया गया है।
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में कुल 120 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया और उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीयूएसबी के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ था। प्रतिभागियों ने इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए संवैधानिक मूल्यों, शासन व्यवस्था और सार्वजनिक नीतियों के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया।
समीर संजय रहे प्रथम, मनीष और नग़्ज़ निज़ाम को मिला दूसरा-तीसरा स्थान
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। इसमें डॉ. अनिल कुमार, प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रो. उषा तिवारी, प्रो. प्रणव कुमार और मणि प्रताप शामिल थे।
प्रतियोगिता के परिणाम में समीर संजय ने प्रथम, मनीष कुमार ने द्वितीय और नग़्ज़ निज़ाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ये तीनों विद्यार्थी अब बिहार की ओर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बिहार विधानसभा से संसद तक पहुंचेगी युवा संसद की यात्रा
जिला स्तर पर चयनित तीनों प्रतिभागियों को अब बिहार विधानसभा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक भारतीय संसद में अपने विचार और नीतिगत सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, संसदीय परंपराओं और राष्ट्रीय नीतिगत मुद्दों पर अपनी समझ एवं विचार व्यक्त करने का मंच मिला।
