गांधी मैदान में पितृपक्ष मेले का उद्घाटन, गयाजी में श्रद्धालुओं की सेवा को बताया सौभाग्य

0
IMG-20260926-WA0011.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 सितंबर 2026

गयाजी: पितृपक्ष मेला-2026 का शुक्रवार को गांधी मैदान में भव्य समारोह के साथ उद्घाटन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पितृपक्ष मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए गयाजीवासियों से देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों की सेवा करने की अपील की।

गयाजी में जन्म लेना सौभाग्य की बात : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गयाजी में जन्म लेना अपने आप में सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भारत के किसी अन्य राज्य या जिले के नाम के साथ ‘जी’ का प्रयोग नहीं होता, लेकिन सनातन परंपरा में गया को आदरसूचक रूप से ‘गयाजी’ कहा गया है।

उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला लोगों को अपने बिछड़े पूर्वजों और परिवार की परंपराओं से जुड़ने का अवसर देता है। गयाजी वासियों को इन पिंडदानियों और अपने पूर्वजों के लिए यहां आने वाले लोगों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के 15 दिनों में जहां और जिस रूप में सेवा का अवसर मिले, लोगों को आगे आकर सेवा करनी चाहिए।

विदेशों से भी गयाजी पहुंचते हैं सनातनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में रहने वाले सनातनी भी अपने पूर्वजों को मोक्ष दिलाने की कामना लेकर गयाजी आते हैं। यहां पहुंचकर वे पिंडदान और अन्य कर्मकांड करते हैं। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष परिवारों को जोड़ने का काम करता है और सनातन संस्कृति में कर्मकांड की अपनी विशेष व्यवस्था है, जो गयाजी को विशिष्ट पहचान देती है।

फल्गु में जल की समस्या का किया उल्लेख

सम्राट चौधरी ने गयाजी की फल्गु नदी से जुड़ी पुरानी समस्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय सूखी फल्गु के कारण पिंडदानियों को परेशानी होती थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस समस्या को समझते हुए फतुहा से गंगाजल गयाजी लाने की व्यवस्था की।

उन्होंने कहा कि फल्गु में रबर डैम के निर्माण के बाद जल को लंबे समय तक संरक्षित रखने की व्यवस्था हुई। इसके बाद पर्यटन विभाग ने भी डैम और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक बनाने की दिशा में काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का असर अब गयाजी के पर्यटन पर दिखाई दे रहा है और विष्णुपद तथा बोधगया में वर्षभर पर्यटकों का आना-जाना बढ़ा है।

विष्णुपद और महाबोधि कॉरिडोर से बढ़ेगा पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्षों के इंतजार के बाद जब विष्णुपद कॉरिडोर और महाबोधि कॉरिडोर का निर्माण पूरा होगा, तब गयाजी और बोधगया में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री विजेंद्र कुमार यादव, विजय कुमार चौधरी, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सांसद अभय कुशवाहा, विधायक मनोरमा देवी, रोमित कुमार, ज्योति मांझी, उपेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, महापौर बीरेंद्र कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page