गयाजी में पेंशनधारियों के लिए विशेष अभियान शुरू, 1.54 लाख से अधिक का जीवन प्रमाणीकरण लंबित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 मई 2026,
गयाजी: जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लंबित मामलों को निपटाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर जीवन प्रमाणीकरण (Life Authentication) के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वर्तमान में जिले में करीब 1,54,449 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, जिससे पेंशन भुगतान प्रभावित हो रहा है।
प्रशासन के अनुसार, यह विशेष अभियान 30 अप्रैल से 30 मई 2026 तक सभी प्रखंडों और नगर निकायों में पंचायत एवं वार्ड स्तर पर चलाया जाएगा। शिविरों के माध्यम से Common Service Centre (CSC) के जरिए पेंशनधारियों का निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण कराया जाएगा। प्रत्येक पंचायत में शिविर संचालन की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को दी गई है।
गर्मी को देखते हुए शिविरों का आयोजन पंचायत सरकार भवन या अन्य सरकारी भवनों में किया जाएगा, जहां पंखा, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट/आइरिस) से संभव नहीं होगा, उनके लिए भौतिक सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
अभियान के दौरान मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उनके नाम को ई-लाभार्थी पोर्टल पर ‘Death Mark’ किया जाएगा, जिससे अनावश्यक भुगतान पर रोक लग सके।
किसी भी सहायता के लिए पेंशनधारी राज्य स्तरीय हेल्पडेस्क के टोल-फ्री नंबर 1800-345-62-62 पर सोमवार से शनिवार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराएं, ताकि पेंशन का भुगतान बिना बाधा जारी रह सके। अभियान की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और प्रखंड स्तरीय वरीय अधिकारी करेंगे।
