ब्रेजा कार से आए अपराधियों ने किराना कारोबारी की पिकअप रोकी, हथियार के बल पर 2.10 लाख रुपये लूटे

0
Screenshot_2026_0915_220749.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 सितंबर 2026

गयाजी: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को किराना कारोबारी से हथियार के बल पर 2 लाख 10 हजार रुपये कैश लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कारोबारी जयराम केसरी अपनी दुकान के सामान की खरीदारी के लिए पिकअप वाहन से गयाजी जा रहे थे। इसी दौरान इटवां बाजार से निकलने के बाद एक ब्रेजा कार उनका पीछा करने लगी।

गणेशचक गांव के पास ओवरटेक कर पिकअप को रोका

जानकारी के अनुसार, गणेशचक गांव के समीप ब्रेजा कार में सवार चार-पांच अपराधियों ने पिकअप वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद कार से उतरे अपराधियों ने पिकअप में सवार किराना कारोबारी जयराम केसरी और चालक शंकर पासवान के साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि अपराधियों में कुछ के पास हथियार भी थे। हथियार का भय दिखाकर अपराधियों ने कारोबारी के पास मौजूद करीब 2 लाख 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी ब्रेजा कार से मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कारोबारी और चालक से घटना की जानकारी लेने के बाद अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा संभावित मार्गों और विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच भी की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है।

एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए बोधगया एसडीपीओ मधु कुमारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कारोबारी जयराम केसरी और चालक शंकर पासवान से घटना की पूरी जानकारी ली। एसडीपीओ ने मामले के शीघ्र उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

थानाध्यक्ष ने कहा—जल्द होगा मामले का खुलासा

मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि व्यवसायी के साथ लूट की घटना सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस की छापेमारी जारी है और वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page