गयाजी में नवविवाहिता का पेड़ से लटका शव बरामद, हत्या या आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस

0
Screenshot_20260819_221612.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 अगस्त 2026

गयाजी: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनसा गांव में बुधवार को एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

चार महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस ने मृतका की पहचान मनसा गांव निवासी सोनारिक मांझी की पुत्री पुतुल कुमारी के रूप में की है। ग्रामीणों के अनुसार पुतुल कुमारी की शादी करीब चार महीने पहले जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव निवासी सिकंदर मांझी के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने मायके आई हुई थी। इसी दौरान उसका शव पेड़ से लटका मिला।

मामा ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका के मामा मिंटू मांझी ने हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया कि पुतुल कुमारी की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया। आरोप के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं से शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

मोबाइल और सीडीआर की जांच

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। मृतका का मोबाइल पुलिस को मिला है। पुलिस मोबाइल की जांच के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले और घटना के समय मृतका की किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी मिल सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और मामले के उद्भेदन के लिए साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

थानाध्यक्ष ने कहा- जल्द होगा मामले का उद्भेदन

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि नवविवाहिता का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया है। पुलिस घटना की विभिन्न बिंदुओं से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का, दोनों पहलुओं पर छानबीन जारी है। मोबाइल का सीडीआर खंगाला जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी जांच में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page