हथियार के दम पर जमीन कब्जा कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

0
image_search_1781866023896.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 जून 2026,

गयाजी। गयाजी पुलिस ने भू-माफियाओं के लिए काम करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और एक लग्जरी महिंद्रा XUV-700 कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था।

टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि डेल्हा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक हथियार के साथ टिकारी रोड की ओर से गयाजी शहर में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने टिकारी रोड क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध XUV-700 कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से एक लोडेड अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद कार में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद बादशाह, एजाज मलिक और फारूक के रूप में हुई है। सभी आरोपी गयाजी जिले के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भू-माफियाओं के इशारे पर जमीन कब्जा कराने का काम करते थे। किसी भी जमीन विवाद में हथियार का भय दिखाकर कब्जा दिलाने के बदले उन्हें अच्छी-खासी रकम मिलती थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी संभवतः पंचानपुर क्षेत्र में किसी जमीन कब्जा मामले को अंजाम देकर वापस गया लौट रहे थे।

डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार के अलावा पश्चिम बंगाल तक फैला हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चांद बादशाह का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में गयाजी के सिविल लाइंस और चंदौती थाना क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न मामलों में वांछित रह चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने अब तक कितने जमीन विवादों में हस्तक्षेप किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भू-माफियाओं और जमीन कब्जा कराने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page