कुबड़ी गांव में भीषण आग, महिला की जिंदा जलकर मौत
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 मई 2026,
गयाजी: जिले के कुबड़ी गांव में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 55 वर्षीय चमेली देवी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनके पति कैलाश साव गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने से घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया और परिवार बेघर हो गया।
घर से उठता धुआं देख मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक घर से धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। उस समय घर के अंदर कैलाश साव, उनकी पत्नी चमेली देवी, शोभा कुमारी और एक दो वर्षीय बच्चा मौजूद थे।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, तीन लोगों को बचाया
घटना के बाद ग्रामीण अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने बाल्टी, पाइप और मोटर पंप की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कैलाश साव, शोभा कुमारी और मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन चमेली देवी आग की लपटों में फंस गईं। काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पेट्रोल-डीजल के कारण आग ने लिया विकराल रूप
ग्रामीणों के अनुसार घर में घरेलू सामान के अलावा पेट्रोल और डीजल भी रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
समय रहते नहीं बुझती आग तो कई घर आते चपेट में
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ग्रामीण तुरंत आग बुझाने में नहीं जुटते तो आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही रोशनगंज थाना पुलिस और शेरघाटी फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
रोशनगंज थानाध्यक्ष अन्नू रजा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं अंचलाधिकारी बिक्रम कुमार ने पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
