सीयूएसबी में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 24 कोर्स की 858 सीटों पर 16 जुलाई तक करें आवेदन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जुलाई 2026,
गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने 24 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 858 सीटों पर ऑनलाइन काउंसलिंग एवं पंजीकरण की प्रक्रिया गुरुवार, 9 जुलाई से प्रारंभ कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 16 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
तीन नए एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रमों की शुरुआत
विश्वविद्यालय ने इस शैक्षणिक सत्र से बायोटेक्नोलॉजी, बायोइनफॉर्मेटिक्स और एनवायर्नमेंटल साइंस में तीन नए पांच वर्षीय एकीकृत यूजी-पीजी कार्यक्रम शुरू किए हैं। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि इन नए पाठ्यक्रमों का उद्देश्य बिहार और देशभर के विद्यार्थियों को रोजगार तथा उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
CUET-UG 2026 में शामिल सभी अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांतिगोपाल पाइन द्वारा प्रवेश संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG 2026) में शामिल सभी अभ्यर्थी, चाहे उनका कोई निर्धारित कट-ऑफ हो या नहीं, ओपन काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
इन 24 पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
सीयूएसबी में इस वर्ष पांच वर्षीय बीए एलएलबी (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी, बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, डी.फार्मा के अलावा बायोटेक्नोलॉजी, बायोइनफॉर्मेटिक्स, एनवायर्नमेंटल साइंस, लाइफ साइंस, कंप्यूटर साइंस, भूविज्ञान, पत्रकारिता एवं जनसंचार, भूगोल, सांख्यिकी, रसायन विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, इतिहास, समाजशास्त्र, भौतिकी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और हिन्दी सहित कुल 24 पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
उप कुलसचिव (शैक्षणिक एवं परीक्षा) कुमार कौशल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को सीयूएसबी समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए प्रति पाठ्यक्रम 500 रुपये, जबकि एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये (अप्रतिदेय) पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरिट सूची केवल उन्हीं अभ्यर्थियों की तैयार की जाएगी, जिन्होंने निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क भुगतान और आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए होंगे।
महत्वपूर्ण तिथियां
🔹ऑनलाइन पंजीकरण: 9 जुलाई से 16 जुलाई 2026
🔹प्रथम कट-ऑफ सूची जारी: 21 जुलाई 2026
🔹प्रवेश शुल्क जमा करने की अवधि: 21 से 23 जुलाई 2026
🔹अंतिम चयन सूची: 30 जुलाई 2026
🔹कक्षाएं प्रारंभ: 4 अगस्त 2026
सहायता के लिए संपर्क
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश संबंधी सभी नवीनतम जानकारियों के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। किसी भी सहायता के लिए ugadmission@cusb.ac.in पर ई-मेल या 9472979367 एवं 0631-2229512 पर संपर्क किया जा सकता है।
