स्थापना दिवस विशेषांक ‘सीयूएसबी टाइम्स’ का कुलपति ने किया विमोचन

0
IMG-20260613-WA0004.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 जून 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्थापना दिवस विशेषांक के रूप में प्रकाशित त्रैमासिक न्यूज़लेटर ‘सीयूएसबी टाइम्स 2026’ (जनवरी-मार्च) का विमोचन कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने प्रशासनिक भवन स्थित अपने कार्यालय में किया। इस अवसर पर न्यूज़लेटर के संपादक एवं जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम उपस्थित रहे। कुलपति ने कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा के मार्गदर्शन में प्रकाशित इस विशेषांक के लिए संपादकीय मंडल की सराहना की।

32 पृष्ठों के इस न्यूज़लेटर में 27 फरवरी को आयोजित सीयूएसबी के 17वें स्थापना दिवस समारोह को विशेष रूप से स्थान दिया गया है। समारोह में सिक्किम एवं मेघालय के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही तथा बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है।

पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि न्यूज़लेटर में विश्वविद्यालय की तीन माह की अकादमिक, शोध, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को समाहित किया गया है। इसमें ‘खेल विज्ञान, स्वास्थ्य सेवा एवं नैतिकता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन, जिसमें बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि थीं, को प्रमुखता दी गई है। साथ ही विभिन्न सेमिनार, कार्यशालाएं, राष्ट्रीय महत्व के दिवस, खेल प्रतियोगिताएं, प्राध्यापकों की उपलब्धियां, शोध अनुदान, प्रकाशित शोधपत्र एवं पुस्तकों का विवरण भी शामिल है।

न्यूज़लेटर में छात्रों के प्लेसमेंट, छात्रवृत्ति, फेलोशिप, राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों और उपलब्धियों को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा एलुमनाई मीट, स्थापना दिवस समारोह की तस्वीरों तथा विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सीयूएसबी की खबरों की क्लिपिंग्स को आकर्षक कोलाज के रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह विशेषांक विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में उसकी प्रगति का संक्षिप्त लेकिन व्यापक दस्तावेज प्रस्तुत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page