CUSB की शोधार्थी मेघा कुमारी ने ICEMS 2026 में जीता सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतीकरण पुरस्कार

0
IMG-20260918-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 सितंबर 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) के रसायन विज्ञान विभाग की शोधार्थी मेघा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। मेघा कुमारी को अमेरिकन केमिकल सोसायटी (ACS) की ओर से सर्वश्रेष्ठ पोस्टर प्रस्तुतीकरण पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT), वेल्लोर द्वारा आयोजित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन मैटेरियल्स, एनर्जी एंड सस्टेनेबिलिटी (ICEMS 2026) में उनके शोध कार्य के लिए दिया गया।

ऑक्सीडेटिव एनुलेशन के जरिए क्विनॉक्सालिन व्युत्पन्नों के संश्लेषण पर शोध

मेघा कुमारी रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. महेंद्र खत्रावत के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं। उन्हें यह पुरस्कार “पीआईडीए द्वारा प्रवर्तित ऑक्सीडेटिव एनुलेशन के माध्यम से क्विनॉक्सालिन व्युत्पन्नों का प्रभावी संश्लेषण” विषय पर किए गए शोध की पोस्टर प्रस्तुति के लिए मिला।

उनका शोध क्विनॉक्सालिन व्युत्पन्नों के निर्माण के लिए प्रभावी संश्लेषण विधियों के विकास पर केंद्रित है। क्विनॉक्सालिन नाइट्रोजन युक्त विषमचक्रीय यौगिकों का एक महत्वपूर्ण वर्ग है, जिनका औषधीय एवं भेषज रसायन के क्षेत्र में उपयोग होता है।

कुलपति सहित विभागीय अधिकारियों ने दी बधाई

मेघा कुमारी की इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, रसायन विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अतुल प्रताप सिंह तथा उनके शोध पर्यवेक्षक डॉ. महेंद्र खत्रावत ने बधाई दी। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति मेघा की लगन, परिश्रम और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी नवीन एवं उपयोगी शोध कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्बनिक संश्लेषण एवं औषधीय रसायन के क्षेत्र में शोध जारी रखने का प्रोत्साहन

विश्वविद्यालय की ओर से मेघा कुमारी को विशेष रूप से कार्बनिक संश्लेषण तथा औषधीय महत्व वाले विषमचक्रीय रसायन के क्षेत्र में नए एवं उपयोगी शोध कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

अमेरिकन केमिकल सोसायटी से मिला सम्मान

शोध पर्यवेक्षक डॉ. महेंद्र खत्रावत ने बताया कि अमेरिकन केमिकल सोसायटी रसायन विज्ञान के क्षेत्र में विश्व की प्रमुख वैज्ञानिक संस्थाओं में से एक है। ICEMS 2026 के दौरान उनके शोध कार्य को मिला यह सम्मान शोध की गुणवत्ता और वैज्ञानिक योगदान को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।

मेघा कुमारी की इस उपलब्धि से सीयूएसबी के रसायन विज्ञान विभाग में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की उम्मीद जताई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page