सीयूएसबी में हिंदी माह 2026 संपन्न, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

0
IMG-20261002-WA0003
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 अक्टूबर 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में गुरुवार को आयोजित हिंदी माह 2026 का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि प्रो. राजेश पासवान, प्राध्यापक (हिंदी), भारतीय भाषा केंद्र, भाषा साहित्य एवं संस्कृति अध्ययन संस्थान, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, वित्त अधिकारी रश्मि त्रिपाठी एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. शांति गोपाल पाईन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में हिंदी अधिकारी डॉ. मनीषा तिवारी ने हिंदी माह का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने माह के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक माह तक चले आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं कार्मिकों के लिए निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग, स्वरचित कविता पाठ, राजभाषा ज्ञान, हिंदी टंकण, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूपण प्रतियोगिता तथा राजभाषा नीति पर सामूहिक चर्चा आयोजित की गई।

हिंदी के साथ भारतीय भाषाओं की समरसता पर जोर

समारोह के विशिष्ट अतिथि प्रो. राजेश पासवान ने हिंदी के साथ भारत की अन्य भाषाओं की समरसता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हिंदी की समृद्धि अन्य भारतीय भाषाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने में निहित है। भारतीय भाषाओं के बीच आपसी सम्मान और समन्वय से देश की भाषाई विविधता और मजबूत होगी।

हिंदी हमारी भावनाओं और संस्कृति की आत्मा : कुलपति

समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी भावनाओं और संस्कृति की आत्मा है। इसे दैनिक व्यवहार और शैक्षणिक कार्यों में सहज रूप से अपनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने विश्वविद्यालय में राजभाषा हिंदी से संबंधित गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इनमें और उत्कृष्टता लाने पर जोर दिया। कुलपति ने प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों एवं कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भाषा और समाज दोनों को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान

जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के मार्गदर्शन में हिंदी दिवस एवं हिंदी माह का आयोजन हिंदी अधिकारी डॉ. मनीषा तिवारी के नेतृत्व में श्रीमती सरिता मिश्रा, हिंदी अनुवादक एवं श्री हिटलर प्रसाद, हिंदी टंकक के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विशिष्ट अतिथि प्रो. राजेश पासवान एवं कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने संयुक्त रूप से पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में हिंदी अनुवादक श्रीमती सरिता मिश्रा ने हिंदी माह में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी रहे मौजूद

समारोह में भारतीय भाषा विभाग के डॉ. कर्मानंद आर्या, डॉ. रामचंद्र रजक, डॉ. शांतिभूषण, डॉ. कफील अहमद नसीम, शिक्षक शिक्षा विभाग के डॉ. नृपेन्द्र वीर सिंह, सहायक प्राध्यापक, प्रतीश कुमार दास, उपकुलसचिव, कुमार कौशल, उपकुलसचिव, शशि रंजन, सहायक कुलसचिव, अमित कुमार, सहायक कुलसचिव, लालकृष्ण विवेकानंद, सहायक कुलसचिव, जितेंद्र कुमार, अनुभाग अधिकारी, देवेश कुमार मिश्रा, अनुभाग अधिकारी, विनोद कुमार, अनुभाग अधिकारी, अनिल कुमार, अनुभाग अधिकारी एवं सुनील कुमार सिन्हा, अनुभाग अधिकारी सहित अन्य संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page